पुलिस चेकिंग के दौरान भागने की कोशिश नाकाम, आरोपी गिरफ्तार
चन्दौली। जनपद के थाना सैयदराजा पुलिस को उस समय बड़ी सफलता हाथ लगी जब चेकिंग के दौरान एक बोलेरो मैक्स वाहन से 6 गोवंश बरामद करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक चापड़, मोबाइल फोन और नकद रुपये भी बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर जनपद में गौतस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चन्द्रशेखर व क्षेत्राधिकारी सदर देवेन्द्र कुमार के पर्यवेक्षण में थाना सैयदराजा प्रभारी अशोक कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा मंगलवार को जमनियां तिराहे के पास संदिग्ध वाहन व व्यक्तियों की चेकिंग की जा रही थी।
इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक बोलेरो मैक्स वाहन में गोवंशों को क्रूरतापूर्वक लादकर बिहार की ओर वध के लिए ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई और एनएच-2 हाईवे पर ग्राम जेठमलपुर के पास बैरियर लगाकर चेकिंग शुरू कर दी।
कुछ देर बाद संदिग्ध वाहन वहां पहुंचा, जिसे रोकने का प्रयास किया गया। लेकिन चालक ने वाहन को तेज गति से चलाते हुए पुलिस टीम को कुचलने की कोशिश की। हालांकि पुलिस की सतर्कता के चलते वाहन बैरियर और डिवाइडर से टकराकर रुक गया। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर चालक को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपित की पहचान अमरजीत यादव निवासी रौनाही, जनपद अयोध्या के रूप में हुई है। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 6 गोवंश (गाय) बरामद हुए, जिन्हें अमानवीय तरीके से लादा गया था। साथ ही आरोपी के पास से एक लोहे का चापड़, एक मोबाइल फोन और ₹300 नकद भी बरामद किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह गोवंशों को सुल्तानपुर से इकट्ठा कर बिहार ले जा रहा था। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले से भी गौतस्करी का मुकदमा दर्ज है और वह पूर्व में जेल भी जा चुका है।
इस मामले में थाना सैयदराजा में गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, बीएनएस और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक राजेश कुमार, कांस्टेबल शैलेन्द्र यादव, हेड कांस्टेबल दिनेश यादव और कांस्टेबल रतन कुमार शामिल रहे।




