डीएम ने खण्ड विकास अधिकारी दिनेश कुमार सिंह को जांच करने का दिया निर्देश

शहाबगंज (चंदौली) विकास खंड के इलिया स्थित रानी लक्ष्मी बाई अमृत सरोवर में सैकड़ो घरों का नाबदान का पानी बहाए जाने और तालाब में कूड़ा फेंके जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में ग्रामीणों ने तियरां के महारथपुर में अमृत सरोवर के लोकार्पण करने पहुंचे जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग को प्रार्थना पत्र सौंपकर तालाब की तत्काल सफाई व नाबदान के पानी को तत्काल रोके जाने व अमृतसरोवर की तत्काल सफाई मांग की।
ग्रामीण पिंटू गुप्ता, राम सकल,रामबदन ने बताया कि नाबदान का गंदा पानी तालाब में गिरने से जल की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है, जिससे दुर्गंध फैल रही है और स्वच्छता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने मौके पर ही दिनेश सिंह (खंड विकास अधिकारी) को प्रकरण की जांच कर तथ्यात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

जांच के बाद होगी कार्रवाई
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और अमृत सरोवर की सफाई एवं संरक्षण सुनिश्चित कराया जाएगा। ग्रामीणों ने प्रशासन से स्थायी समाधान की अपेक्षा जताई है ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न हो।
पूर्व में भी दिया गया था प्रार्थना पत्र
ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व में जांच करने पहुंचे एडीओ पंचायत अरविंद सिंह ने मौके पर जांच कर कागज में तालाब को साफ सफाई दिखाकर रिपोर्ट प्रस्तुत कर दिया था। जबकि मौके पर गंदगी से पटा तालाब व सैकड़ों घरों का शौचालय का पानी बह रहा है
देखना है कि क्या होती है कार्यवाही
अब देखना है कि जिलाधिकारी के हाथों में प्रार्थना पत्र दिए जाने के बाद क्या कार्रवाई होती है सभी की निगाह खंड विकास अधिकारी दिनेश सिंह पर लगी है।

