किशोरियों के सशक्तिकरण पर केंद्रित दो दिवसीय कार्यशाला शुरू

शहाबगंज। ब्लॉक संसाधन केंद्र शहाबगंज पर मंगलवार को मीना मंच एवं पावर एंजेल के सशक्तिकरण, नेतृत्व क्षमता तथा जीवन कौशल विकास को लेकर दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में विकासखंड के पूर्व माध्यमिक व कंपोजिट विद्यालयों के 49 अध्यापकों ने सहभागिता कर विद्यालय स्तर पर बालिकाओं व किशोरों को सशक्त बनाने के गुर सीखे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के तैल चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। प्रशिक्षण सत्र में आईएसआरजी अनिता कुमारी ने मीना मंच के गठन, पावर एंजेल के चयन की प्रक्रिया एवं उनकी भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने महिला सशक्तिकरण को सामाजिक परिवर्तन की धुरी बताते हुए बाल विवाह, दहेज प्रथा, पाक्सो एक्ट, नशीले पदार्थों के दुष्प्रभाव, मातृत्व एवं बाल स्वास्थ्य जैसे संवेदनशील विषयों पर गंभीर चर्चा की।

किशोरावस्था में माहवारी प्रबंधन, लिंग भेदभाव, अंधविश्वास व रूढ़िवादी परंपराओं पर खुलकर संवाद करते हुए प्रशिक्षक ने जीवन कौशल विकास, आत्मनिर्भरता और नेतृत्व क्षमता को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि मीना मंच और पावर एंजेल बच्चों में आत्मविश्वास पैदा कर समाज में सकारात्मक बदलाव की नींव रखते हैं।
कार्यशाला में एआरपी अनुराधा कुमारी, सर्वेश त्रिपाठी, आदर्श यादव, सुमनलता, पूनम गुप्ता, इंदु कुमारी, शीला पांडेय, आरती, प्रतिभा प्रजापति, दीपा विश्वकर्मा, अनुपमा शर्मा, केशरी नंदन जायसवाल,तनवीर आलम, कृष्णानंद सिंह, अजय पाल, रामविलास सहित अन्य सुगमकर्ता उपस्थित रहे। कार्यशाला के दूसरे दिन भी विभिन्न सत्रों के माध्यम से शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।

