तीन अंतर्राज्यीय चोर गिरफ्तार

चंदौली
बलुआ पुलिस ने बाइक चोरी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन अंतर्राज्यीय बाइक चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पांच चोरी की मोटरसाइकिलें और एक इंजन बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों को बलुआ थाना क्षेत्र के राधे की मड़ई के पास से पकड़ा गया, जहां वे चोरी की बाइक बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे।
पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपियों में अरविंद उर्फ नीरज यादव निवासी लक्ष्मणगढ़, अभिषेक यादव उर्फ अभि उर्फ दादा निवासी लक्ष्मणगढ़ तथा आजाद निवासी ग्राम पक्खोपुर थाना बलुआ शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे चंदौली, गाजीपुर और आजमगढ़ जनपदों से मोटरसाइकिल चोरी करते थे और उन्हें अन्य जनपदों में ऊंचे दामों पर बेचते थे।
आरोपियों ने यह भी बताया कि जो मोटरसाइकिलें तुरंत नहीं बिक पाती थीं, उन्हें वे छिपाकर रखते थे और बाद में उनके पार्ट्स निकालकर अलग-अलग बेच देते थे। आरोपी आजाद ने स्वीकार किया कि चोरी की गई तीन बाइक उसी की थीं, जबकि दो मोटरसाइकिलें और एक इंजन उसकी दुकान में रखे गए थे। बताया गया कि मथेला नहर के पास उसकी एक दुकान भी है, जहां से पार्ट्स की बिक्री की जाती थी।
पुलिस ने बरामदगी के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।

