विकास भवन से कलेक्ट्रेट तक निकाला विशाल जुलूस
कानून वापस लेने की मांग को लेकर डीएम को सौंपा ज्ञापन
चंदौली।
केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए नए यूजीसी (UGC) कानून के विरोध में बुधवार को जनपद चंदौली में सवर्ण समाज का आक्रोश सड़कों पर देखने को मिला। अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा (युवा) के बैनर तले सवर्ण समाज के लोगों ने विकास भवन से कलेक्ट्रेट तक विशाल जुलूस निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कानून को समाज विरोधी बताते हुए इसे तत्काल वापस लेने की मांग की
कलेक्ट्रेट का घेराव, केंद्र सरकार पर साधा निशाना
जुलूस विकास भवन परिसर से शुरू होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ कलेक्ट्रेट पहुंचा, जहां प्रदर्शनकारियों ने कलेक्ट्रेट का घेराव किया। प्रदर्शन के दौरान “यूजीसी एक्ट वापस लो”, “मोदी-शाह मुर्दाबाद” जैसे नारे लगाए गए। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि नया यूजीसी कानून शिक्षा व्यवस्था और सवर्ण समाज के हितों के खिलाफ है तथा इससे सामाजिक संतुलन बिगड़ने का खतरा है।

डीएम को सौंपा मांगों से संबंधित ज्ञापन
प्रदर्शन के अंत में सवर्ण समाज के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में नए यूजीसी कानून को तत्काल निरस्त करने, शिक्षा नीति में पारदर्शिता लाने और सभी वर्गों के हितों की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई।
भाजपा कार्यालय की ओर कूच, पीएम-गृहमंत्री पर आरोप
इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने भाजपा कार्यालय की ओर कूच किया, जहां प्रधानमंत्री और गृहमंत्री के खिलाफ भी नारेबाजी की गई। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार सवर्ण समाज के साथ छल कर रही है और उनकी अनदेखी की जा रही है।
शांतिपूर्ण रहा आंदोलन
हालांकि पूरे आंदोलन के दौरान प्रशासन मुस्तैद रहा और पुलिस बल की तैनाती के बीच प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति नहीं बनी।

