बालिका वर्ग में जीआईसी चकिया विजेता, बालक वर्ग में राइजिंग सन वर्ल्ड स्कूल ने मारी बाजी

चंदौली ओलंपिक गेम्स के तहत शुक्रवार को राइजिंग सन वर्ल्ड स्कूल के कैंपस में कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि टोनी खरवार, विशिष्ट अतिथि नीरज गुप्ता, सम्मानित अतिथि निर्भय सिंह, विद्यालय की डायरेक्टर प्रवीण रुस्तम एवं स्कूल के एमडी द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया।
स्वागत गीत और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन
कार्यक्रम की शुरुआत में छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। अतिथि ने प्रतिभागी खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर परिचय प्राप्त किया और खेल से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां व प्रेरणादायक टिप्स साझा किए।

बालिका वर्ग में रोमांचक मुकाबला
प्रथम पाली में बालिकाओं के बीच कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित हुई, जिसमें ए एन जी आई सी चकिया एवं राइजिंग सन वर्ल्ड स्कूल की टीमों ने प्रतिभाग किया। मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जिसमें जीआईसी चकिया की बालिकाओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया, जबकि राइजिंग सन वर्ल्ड स्कूल की टीम उपविजेता रही।

बालक वर्ग में राइजिंग सन की जीत हुई
दूसरे मुकाबले में बालक वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता राइजिंग सन वर्ल्ड स्कूल अमरा उत्तरी के मध्य खेली गई, जिसमें राइजिंग सन वर्ल्ड स्कूल की टीम ने जीत दर्ज की। पूरे मैच के दौरान खिलाड़ियों का जोश और दर्शकों का उत्साह देखते ही बनता था।
आयोजन में निभाई गई अहम भूमिकाएं
प्रतियोगिता में रेफरी की भूमिका अंकुर कुमार एवं दीपक कुमार ने निभाई। विद्यालय के कोच शमशाद अहमद के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया, जबकि कार्यक्रम का संचालन हरिहर प्रसाद ने किया।
खिलाड़ियों को मिला प्रेरणादायक संदेश
इस अवसर पर विद्यालय की प्रिंसिपल विभा सिंह, वाइस प्रिंसिपल मुकेश कुमार सिंह, समस्त शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन और मेहनत के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
कबड्डी प्रतियोगिता ने खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान किया और दर्शकों को रोमांचक खेल का अनुभव कराया। विद्यालय प्रशासन ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों एवं प्रतिभागियों को बधाई दी।

