रविदास जयंती को लेकर शहाबगंज थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक
मूर्ति की ऊंचाई से लेकर डीजे तक तय हुए नियम, 32 स्थानों पर रहेगी कड़ी निगरानी

शहाबगंज।
रविदास जयंती के शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन को लेकर शुक्रवार को शहाबगंज थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस क्षेत्राधिकारी रघुराज, ने की। उन्होंने आयोजकों से अपील की कि पर्व को आपसी भाईचारे और कानून-व्यवस्था के दायरे में रहकर मनाएं।
मूर्ति की ऊंचाई और निगरानी को लेकर निर्देश
सीओ रघुराज ने बताया कि रविदास जयंती के अवसर पर स्थापित की जाने वाली मूर्ति की ऊंचाई 3 से 4 फीट से अधिक नहीं होगी। जिस स्थान पर मूर्ति स्थापित की जाएगी, वहां रात्रि में आयोजक या जिम्मेदार वॉलंटियर की मौजूदगी अनिवार्य रहेगी, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

विसर्जन में ट्रैक्टर-ट्राली पर रोक
उन्होंने स्पष्ट किया कि मूर्ति विसर्जन के दौरान ट्रैक्टर-ट्राली का प्रयोग प्रतिबंधित रहेगा। विसर्जन के लिए केवल पिकअप वाहन का उपयोग किया जाएगा। साथ ही नशे की हालत में हुड़दंग करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
डीजे पर अश्लील व राजनीतिक गीत प्रतिबंधित
थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र ने कहा कि डीजे पर अश्लील या राजनीतिक गीत बजाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आयोजकों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
32 स्थानों पर होगी सुरक्षा व्यवस्था
थानाध्यक्ष ने बताया कि इस वर्ष शहाबगंज थाना क्षेत्र में कुल 32 स्थानों पर रविदास जयंती मनाई जाएगी। सभी स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा।
बैठक में रहे मौजूद
बैठक में उपनिरीक्षक संगम लाल, रणजीत सिंह, राजेन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल इरसाद अंसारी, चंद्रशेखर सिंह, समाजसेवी रतीश कुमार, ग्राम प्रधान शिवकुमार, शमशाद, कमला भारती, रत्नेश यादव सहित विभिन्न समितियों के आयोजक एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




