निर्मल भारत अभियान में 2.58 लाख की वित्तीय अनियमितता
डीएम से शिकायत निर्मल भारत अभियान में लाखों का खेल, पूर्व ग्राम प्रधान के कार्यकाल पर उठे सवाल

शहाबगंज (चंदौली)।
विकास खंड शहाबगंज के ग्राम पंचायत भटरौल में पूर्व ग्राम प्रधान पुष्पा सिंह के कार्यकाल के दौरान निर्मल भारत अभियान योजना में बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता सतीश कुमार ने जिलाधिकारी चंदौली को शपथपत्र सौंपते हुए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
योजना के खाते से निजी फर्म में ट्रांसफर का आरोप
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि वित्तीय वर्ष 2018–19 में खाता संख्या 6 (निर्मल भारत अभियान) से कुल 2 लाख 58 हजार रुपये का गबन किया गया। आरोप के अनुसार, पूर्व ग्राम प्रधान के पति संजीव कुमार सिंह ने योजना के खाते से अपनी निजी फर्म धनश्री बिल्डिंग मैटेरियल के खाते में विभिन्न तिथियों पर चेक के माध्यम से धनराशि ट्रांसफर कराई, जो नियमों के विरुद्ध है।
इन तिथियों पर हुआ भुगतान

शिकायतकर्ता के अनुसार
07 सितंबर 2018 को चेक संख्या 21024940 से 1.20 लाख रुपये,
24 सितंबर 2018 को चेक संख्या 12018503 से 72 हजार रुपये,
02 नवंबर 2018 को चेक संख्या 12018512 से 66 हजार रुपये,
निजी फर्म के खाते में स्थानांतरित किए गए।

विधायक का नाम लेकर दबाव बनाने का आरोप
इधर, ग्राम पंचायत भटरौल के ग्रामीणों ने भी पूर्व प्रधान के पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। नाम न छापने की शर्त पर ग्रामीणों का कहना है कि वह स्वयं को चकिया विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक का प्रतिनिधि बताकर थानों और तहसीलों में प्रभाव का इस्तेमाल करते हैं। ग्रामीणों के अनुसार, राजनीतिक दबाव के सहारे गांव के मामलों में हस्तक्षेप किया जाता है और शिकायत करने वालों को डराने का प्रयास होता है।
ग्रामीणों ने की निष्पक्ष जांच की मांग
ग्रामीणों का आरोप है कि पूर्व प्रधान के कार्यकाल में राजनीतिक प्रभाव के दम पर सरकारी भूमि व सार्वजनिक रास्तों पर अवैध कब्जे भी कराए गए। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराकर सच्चाई सामने लाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

