सीवरेज, रोडवेज बस स्टेशन पुनर्निर्माण और नगर पंचायत सभागार के सौंदर्यीकरण पर 430 लाख से अधिक की मंजूरी

चकिया (चंदौली)।
नगर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में चकिया नगर को बड़ी विकास योजनाओं की सौगात मिली है। सीवरेज व जल निकासी योजना के तहत 207.21 लाख रुपये की लागत से नगर के जर्जर नालों का निर्माण कराया जाएगा, जिससे लंबे समय से चली आ रही जल निकासी की समस्या का समाधान होगा।
रोडवेज बस स्टेशन का होगा पुनर्निर्माण
विधायक के प्रयास से 195.74 लाख रुपये की लागत से चकिया रोडवेज बस स्टेशन का पुनर्निर्माण कराया जाएगा। इसके बाद यात्रियों को बेहतर प्रतीक्षालय, सुविधाजनक प्लेटफॉर्म और आधुनिक सुविधाएं मिल सकेंगी।
नगर पंचायत कार्यालय सभागार का सौंदर्यीकरण
इसके अतिरिक्त 27.07 लाख रुपये की लागत से नगर पंचायत कार्यालय स्थित सभागार का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। साथ ही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग उपकरणों की स्थापना की जाएगी, जिससे प्रशासनिक बैठकों और सरकारी कार्यक्रमों को और प्रभावी बनाया जा सकेगा।
विधायक व चेयरमैन के बयान
विधायक कैलाश आचार्य ने कहा कि नगर के समग्र विकास के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ कर आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।
नगर पंचायत अध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव ने कहा कि सभी विकास कार्य गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ समयबद्ध ढंग से पूरे कराए जाएंगे।
प्रेसवार्ता में रहे मौजूद
प्रेसवार्ता में मंडल अध्यक्ष संदीप गुप्ता, जल निगम के अधिशासी अभियंता एवं अवर अभियंता, सभासद केशरी नंदन, रवि गुप्ता, प्रतिनिधि सुरेश सोनकर, तहसील कार्यालय लिपिक राकेश रोशन, एकरामुल हक, रोहित विश्वकर्मा, विद्यावासिनी चौहान सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

