नशे के अंधेरे में नहीं, खेल की रोशनी में आगे बढ़े युवा— राजीव विश्वकर्मा

शहाबगंज। विकासखंड के ढुन्नू गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में शनिवार को दो दिवसीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्घाटन आन्वी बजाज के मालिक व समाजसेवी राजीव विश्वकर्मा तथा अमर देव गोंड उर्फ पिंटू बाबा ने फीता काटकर एवं खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
उद्घाटन मुकाबला ढुन्नू A और बयापुर टीम के बीच खेला गया। दोनों टीमों के बीच मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जहां 25-25 अंकों के कड़े संघर्ष के बाद ढुन्नू A की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। पहले दिन खेले गए अन्य मुकाबलों में भी खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल भावना और कौशल का परिचय दिया।

इस प्रतियोगिता में क्षेत्र की मुसाखाड़, मुबारकपुर, मसोंई, केराडीह, करनौल सहित कई गांवों की टीमों ने भाग लेकर प्रतियोगिता को रोचक बना दिया है। बड़ी संख्या में खेल प्रेमी दर्शकों की मौजूदगी से पूरा परिसर उत्साह और उमंग से भर गया।
उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि समाजसेवी राजीव विश्वकर्मा ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ-साथ अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना को मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की प्रतियोगिताएं छिपी हुई प्रतिभाओं को आगे लाने का कार्य करती हैं और युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखती हैं।
वहीं अमर देव गोंड उर्फ पिंटू बाबा ने कहा कि खेल के माध्यम से गांव, समाज और क्षेत्र की पहचान बनती है। ऐसे आयोजन युवाओं को सकारात्मक दिशा देते हैं और इन्हें निरंतर आयोजित किया जाना चाहिए।
आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता का दूसरा दिन रविवार को और भी रोमांचक रहेगा। दूसरे दिन बीएचयू वाराणसी, मिर्जापुर, भरछा, चंदौली, आजमगढ़ और गाजीपुर की मजबूत टीमें प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी, जिससे मुकाबले और अधिक रोमांचक होने की उम्मीद है। प्रतियोगिता का समापन रविवार को फाइनल मुकाबले के साथ किया जाएगा, जिसमें विजेता व उपविजेता टीमों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान राजेश सिंह, अध्यक्ष बिपिन चौबे, पिंटू प्रजापति,रवि यादव,शिव प्रसाद विश्वकर्मा,रोहित, दिनेश यादव,सुनिल कन्नौजिया संदिप यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी मौजूद रहे।

