खनन विभाग का बकाया शीघ्र जमा करने व नियमों के पालन के निर्देश
खनन विभाग के बकाया पर सख़्ती, नियम उल्लंघन पर भट्ठा संचालकों को कार्रवाई की चेतावनी

शहाबगंज।थाना परिसर में शनिवार को उच्चाधिकारियों के निर्देश पर क्षेत्र के ईंट-भट्ठा संचालकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपनिरीक्षक प्रभुनाथ यादव ने की। बैठक में खनन विभाग के बकाया धनराशि को लेकर जनपद स्तर से जारी सूची के आधार पर संबंधित भट्ठा संचालकों को जानकारी दी गई।
उपनिरीक्षक ने बताया कि थाना क्षेत्र अंतर्गत तीन भट्ठा संचालकों पर खनन विभाग का बकाया लंबित है। सूची के अनुसार बड़गावां स्थित एक भट्ठा स्वामी पर लगभग ₹1 लाख 40 हजार, बुढ़मांव भट्ठे पर ₹1 लाख 55 हजार तथा रसियां भट्ठे पर करीब ₹1 लाख 40 हजार की बकाया धनराशि जमा की जानी है। संबंधित संचालकों को निर्धारित समयसीमा के भीतर राशि जमा करने के निर्देश दिए गए, अन्यथा विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

बैठक में बकाया धनराशि के साथ-साथ श्रम एवं सुरक्षा नियमों पर भी विशेष जोर दिया गया। उपनिरीक्षक ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी भट्ठे पर नाबालिगों से कार्य न कराया जाए। साथ ही यह भी निर्देशित किया गया कि बाहरी क्षेत्रों से आने वाले श्रमिकों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से कराकर ही उन्हें भट्ठे पर कार्य में लगाया जाए। नियमों की अनदेखी पाए जाने पर संबंधित भट्ठा संचालक के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान उपनिरीक्षक रामचंद्र शाही, चंद्रभान, प्रदीप जायसवाल, रियाज अहमद, उदय प्रताप सिंह तथा श्रीराम शुक्ल सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

