सांसद वीरेंद्र सिंह ने सीएम को लिखा पत्र
20 दिन विस्तार व 85 क्विंटल प्रति हेक्टेयर मानक बहाल करने की मांग

चंदौली। जनपद के धान किसानों की समस्या को लेकर सांसद वीरेंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजा है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा 100 प्रतिशत पैडी खरीद की गारंटी के बावजूद ज़मीनी स्तर पर हालात चिंताजनक हैं। कृषि बाहुल्य चंदौली में अब तक लगभग 30 प्रतिशत धान की खरीद नहीं हो सकी है, जबकि क्रय केंद्र बंद करने के आदेश जारी हो चुके हैं।

सांसद ने पत्र में उल्लेख किया कि जिले को “धान का कटोरा” कहा जाता है, लेकिन इस वर्ष प्रति हेक्टेयर उत्पादन मानक 85 क्विंटल से घटाकर 65 क्विंटल कर दिया गया, जिसके कारण बड़ी संख्या में किसानों की पूरी उपज क्रय केंद्रों पर नहीं खरीदी जा सकी।
उन्होंने आरोप लगाया कि क्रय केंद्र बंद होने से बिचौलिये सक्रिय हो गए हैं और खाद्य विभाग के कुछ अधिकारियों से सांठगांठ कर 50 रुपये प्रति क्विंटल कमीशन पर खरीद की जा रही है। इससे किसानों को मजबूरी में औने-पौने दाम पर धान बेचना पड़ रहा है।
जांच व कार्रवाई की मांग
सांसद ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही जनपद के सभी क्रय केंद्रों पर खरीद अवधि 20 दिनों तक बढ़ाने और प्रति हेक्टेयर मानक को पुनः 85 क्विंटल करने का अनुरोध किया है, ताकि किसानों को बिचौलियों से राहत मिल सके।
उन्होंने कहा कि यदि समय रहते निर्णय नहीं लिया गया तो हजारों किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा।

