मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत 5 लाख तक ब्याज-मुक्त व गारंटी-फ्री ऋण,

रिपोर्ट मनोज सिंह,चंदौली। जनपद में युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में 20 फरवरी को सुबह 11 बजे से विकास खंड नियामताबाद के सभागार में वृहद ऋण शिविर आयोजित किया जाएगा। यह शिविर मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत लगाया जा रहा है।
उपायुक्त उद्योग अधिकारी उदय प्रकाश पासवान ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य कृषि एवं एमएसएमई (सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम) से संबंधित केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को ऋण स्वीकृत एवं वितरित करना है।
5 लाख तक बिना ब्याज और बिना गारंटी ऋण
प्रदेश सरकार की मंशानुसार अभियान के तहत युवाओं को स्वरोजगार स्थापित करने के लिए 5 लाख रुपये तक का ब्याज-मुक्त एवं गारंटी-फ्री ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही ऋण स्वीकृति व वितरण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

उत्पादों के स्टॉल भी लगेंगे
शिविर में विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित उद्यमियों द्वारा निर्मित उत्पादों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जिससे अन्य युवाओं को प्रेरणा मिल सके। साथ ही लाभार्थियों को सीएम युवा मोबाइल ऐप से जुड़ने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाएगा।
योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए समाचार पत्रों, रेडियो एवं टीवी माध्यमों का भी सहारा लिया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक युवा इस अवसर का लाभ उठा सकें।

