राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य ने की जनसुनवाई

चंदौली मंगलवार को राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य सत्येन्द्र कुमार बारी (बीनू) ने जनपद भ्रमण के दौरान जनसुनवाई की। उन्होंने फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित व समुचित निस्तारण के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के बाद पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप सभी बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिलाना हम सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने पिछड़े वर्ग सहित सभी बच्चों को स्कूलों से जोड़ने और शिक्षा स्तर को बेहतर बनाने पर जोर दिया।
उन्होंने अभिभावकों को सरकारी स्कूलों की हाई-टेक व्यवस्था, स्मार्ट क्लास, स्वच्छ परिसर, खेल मैदान, गुणवत्तापूर्ण मध्याह्न भोजन और शुद्ध पेयजल जैसी सुविधाओं के प्रति जागरूक करने की आवश्यकता बताई, ताकि अधिक से अधिक बच्चे सरकारी विद्यालयों में नामांकित हों। उन्होंने कहा कि वर्तमान में विद्यालयों में पर्याप्त शिक्षक उपलब्ध हैं और शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार हो रहा है।
सदस्य ने ‘आयोग आपके द्वार’ अभियान का उल्लेख करते हुए बताया कि आयोग गांव-गांव जाकर लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक कर रहा है। साथ ही जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी एवं जिला दिव्यांगजन अधिकारी को निर्देशित किया कि अपने-अपने विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें, ताकि पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचे।

