खाद्य सुरक्षा विभाग का सघन अभियान, पड़ाव की नमकीन फैक्ट्री पर छापा

चंदौली। होली पर्व को देखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मंगलवार से जनपद में सघन जांच अभियान शुरू कर दिया है। अभियान के तहत खोवा, पनीर, नमकीन और खाद्य तेल की दुकानों व फैक्ट्रियों पर छापेमारी कर नमूने एकत्र किए जा रहे हैं।
पहले चरण में खाद्य सुरक्षा मोबाइल प्रयोगशाला के माध्यम से बाजारों में पहुंचकर आमजन और खाद्य कारोबारियों को जागरूक किया गया। विभागीय अधिकारियों ने खासतौर पर खोवा व्यापारियों को चेतावनी दी कि न तो मिलावटी खोवा खरीदें और न ही उसकी बिक्री करें। त्योहार के दौरान अधिक मुनाफा कमाने के लिए मिलावट करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पड़ाव की नमकीन फैक्ट्री में छापा
टीम ने पड़ाव क्षेत्र स्थित एक नमकीन फैक्ट्री पर छापा मारकर नमकीन और बेसन के दो नमूने लिए। सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि कहीं भी मिलावटी खोवा, पनीर, नमकीन या खाद्य तेल की बिक्री अथवा परिवहन पाया जाता है तो खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 की धाराओं के तहत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के.एन. त्रिपाठी के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई में रणधीर सिंह सहित पुलिस बल भी मौजूद रहा।
आमजन से सहयोग की अपील
विभाग ने जनता से अपील की है कि यदि जनपद के किसी भी क्षेत्र में मिलावटी खाद्य पदार्थ की सूचना मिले तो विभाग के मोबाइल नंबर 8887890254 पर सूचित करें, ताकि तत्काल जांच कर कार्रवाई की जा सके।
होली से पहले शुरू हुआ यह अभियान मिलावटखोरों के खिलाफ विभाग की सख्ती का स्पष्ट संकेत माना जा रहा है।

