प्याज की बोरियों के नीचे छिपाकर बिहार भेजी जा रही थी शराब, कोतवाली पुलिस व स्वाट-सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई
चन्दौली एक्सप्रेस | चन्दौली
होली पर्व को देखते हुए बिहार में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चन्दौली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। कोतवाली चन्दौली पुलिस एवं स्वाट/सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में बुधवार तड़के एक 12 चक्का ट्रक से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद करते हुए दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने ट्रक से कुल 3807 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है, जिसे मध्य प्रदेश से बिहार के पटना में होली के दौरान खपाने के लिए ले जाया जा रहा था
मुखबिर की सूचना पर बिछाया गया जाल

प्रभारी निरीक्षक विजय बहादुर सिंह एवं स्वाट/सर्विलांस टीम प्रभारी रामजनम यादव अपनी टीम के साथ होली पर्व को लेकर शराब तस्करी की गतिविधियों पर चर्चा कर रहे थे, तभी मुखबिर ने सूचना दी कि एक 12 चक्का ट्रक संख्या RJ11GB4050 में मध्य प्रदेश की अवैध शराब लदी हुई है और ऊपर से सड़ी-गली प्याज की बोरियां रखकर उसे छिपाया गया है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मझवार रेलवे स्टेशन के सामने नेशनल हाईवे पर घेराबंदी कर ट्रक को रोक लिया।
प्याज के नीचे मिला शराब का जखीरा

पुलिस द्वारा ट्रक की तलाशी लेने पर प्याज की बोरियों के नीचे भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब छिपाकर रखी गई मिली। पूछताछ में चालक और उसके साथी ने बताया कि शराब ग्वालियर (मध्य प्रदेश) से लोड कर बिहार के पटना में बेचने के लिए ले जाई जा रही थी। दोनों आरोपियों को मौके पर ही आबकारी अधिनियम की धाराओं में गिरफ्तार कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्त व बरामदगी

गिरफ्तार अभियुक्तों में मुबारक खान पुत्र अजीज निवासी सिलावटी थाना धौज जिला कादिरावाद हरियाणा (उम्र 27 वर्ष) तथा चुन्ना पुत्र मजीद निवासी सिलावटी थाना धौज जिला कादीराबाद हरियाणा (उम्र लगभग 29 वर्ष) शामिल हैं। पुलिस टीम द्वारा इनके कब्जे से एक 12 चक्का ट्रक संख्या RJ11GB4050 सहित कुल 3807 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई है।
कार्रवाई करने वाली टीम
प्रभारी निरीक्षक विजय बहादुर सिंह के नेतृत्व में उ0नि0 तरुण कुमार, उ0नि0 रावेन्द्र सिंह, उ0नि0 कन्हैया लाल मौर्य, स्वाट प्रभारी रामजनम यादव, उ0नि0 आशीष मिश्रा सहित कोतवाली पुलिस एवं स्वाट-सर्विलांस टीम के कई पुलिसकर्मियों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई को अंजाम दिया।

