बिना हेलमेट चालकों को पहनाया हेलमेट, 18 लोगों को दिया सुरक्षा संदेश,
रिपोर्ट मनोज सिंह, चंदौली। ‘ऑपरेशन कवच’ सड़क सुरक्षा अभियान के तहत बुधवार को यातायात पुलिस ने विशेष जागरूकता कार्यक्रम चलाया। क्षेत्राधिकारी (यातायात) कृष्ण मुरारी शर्मा व प्रभारी यातायात निरीक्षक सत्य प्रकाश यादव के नेतृत्व में टीम ने सड़क पर उतरकर दोपहिया वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया।
अभियान के दौरान बिना हेलमेट चल रहे चालकों को रोककर उनका चालान काटने के बजाय उन्हें जीवन की महत्ता समझाई गई। पुलिस ने 18 दोपहिया चालकों को हेलमेट पहनाकर सड़क सुरक्षा का संदेश दिया। संबंधित चालकों का नाम-पता नोट किया गया, ताकि वे जिम्मेदार नागरिक की तरह हेलमेट वापस करें।

चालान नहीं, जागरूकता पर जोर
अधिकारियों ने दोपहिया चालकों से अपील की कि वाहन पर तीन सवारी न बैठाएं, ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का प्रयोग बिल्कुल न करें तथा शहर के भीतर निर्धारित गति सीमा का पालन करें।
क्षेत्राधिकारी (यातायात) ने कहा कि हेलमेट केवल जुर्माने से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और परिवार की सुरक्षा के लिए पहनें। यातायात पुलिस का उद्देश्य चालान काटना नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक को सुरक्षित घर पहुंचाना है।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि दुपहिया वाहन चलाते समय सदैव आईएसआई मार्क वाला हेलमेट पहनें और नियमों का पालन कर जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय दें। अभियान जनपद में निरंतर जारी रहेगा।

