गांधी पार्क में होली गीतों की रंगत, कलाकारों ने बांधा समां
चकिया (चंदौली)। नगर पंचायत चकिया के सौजन्य से शनिवार की देर शाम गांधी पार्क परिसर में रंगभरी एकादशी समारोह का आयोजन हुआ। अबीर-गुलाल की बौछार और भंग की तरंग के बीच होली गीतों की रंगत देर रात तक छाई रही।
दुल्हा-दुल्हन की झांकी बनी आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम का शुभारंभ अनोखे अंदाज में हुआ। सभासद प्रतिनिधि दिनेश मोदनवाल को दुल्हा तथा प्रमोद चौहान को दुल्हन के वेष में मंच पर प्रतिष्ठित किया गया, जिसने लोगों का खूब मनोरंजन किया।
होली गीतों पर झूमे नगरवासी
प्रसिद्ध लोकगीत गायक श्याम नारायण यादव ने शिव-पार्वती, राम-सीता और राधा-कृष्ण से जुड़े पारंपरिक होली गीतों की प्रस्तुति देकर उपस्थित जनसमुदाय को भाव-विभोर कर दिया।
इसके बाद सुनीता आरती व मुकेश प्रजापति ने भी होली के विविध रंगों को अपने गायन से जीवंत किया। लोकगीत कलाकारों की प्रस्तुतियों पर लोग देर तक झूमते रहे।
चेयरमैन ने दी होली की शुभकामनाएं
कार्यक्रम संयोजक चेयरमैन गौरव श्रीवास्तव ने कलाकारों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया और एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि होली का पर्व बुराइयों को दूर कर प्रेम, सौहार्द और मधुर संबंधों को मजबूत करने का संदेश देता है।
बड़ी संख्या में लोग रहे उपस्थित
कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष संदीप गुप्ता, राघवेंद्र प्रताप सिंह, रवि गुप्ता, केसरी नंदन, कमलेश यादव, उमेश चौहान, आशुतोष मिश्रा, मोहन पांडेय, दिनेश कसौधन, रोहित विश्वकर्मा, गुलाबचंद मौर्य, सुनील मद्धेशिया सहित तमाम नगरवासी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन पूर्व सभासद विजय विश्वकर्मा ने किया।




