एसडीएम व सीओ के नेतृत्व में आधा दर्जन होलिका स्थलों का निरीक्षण
चकिया (चंदौली)। होलिका दहन को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। उप जिलाधिकारी चकिया विनय कुमार मिश्रा व क्षेत्राधिकारी रघुराज के नेतृत्व में पुलिस फोर्स ने क्षेत्र के करीब आधा दर्जन गांवों में स्थापित होलिका स्थलों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों से संवाद कर स्पष्ट निर्देश दिया कि पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखें और किसी भी तरह की अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें। अवांछनीय तत्वों पर विशेष नजर रखने तथा संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की गई।
सैदूपुर होलिका स्थल रहेगा कैमरे की नजर में

सैदूपुर स्थित होलिका स्थल की सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह ने आसपास लगे कैमरे का रुख तत्काल होलिका स्थल की ओर करा दिया ताकि हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके।
समय से होलिका दहन करने की अपील
अर्जी कला गांव में भी प्रशासनिक टीम ने पहुंचकर ग्रामीणों को निर्धारित समय पर ही होलिका दहन करने और आपसी सौहार्द बनाए रखने की हिदायत दी। अधिकारियों ने दो टूक कहा कि पर्व के दौरान शांति भंग करने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों से प्रशासन की अपील
अफवाहों से बचें, सत्यापित सूचना पर ही भरोसा करें।
बच्चों व महिलाओं की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।
होलिका स्थल पर ज्वलनशील सामग्री नियंत्रित मात्रा में रखें।
किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें।




