अवैध पिस्टल व बुलेट मोटरसाइकिल बरामद, फायरिंग में घायल हुए कई युवक
मुगलसराय,चंदौली मुगलसराय पुलिस ने हत्या के प्रयास की गंभीर घटना का 24 घंटे के भीतर सफल अनावरण करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध 32 बोर पिस्टल और बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है। त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता की चर्चा है। पुलिस अधीक्षक आदित्य लाग्हे के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनंत चन्द्रशेखर व क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह के साथ प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए मु0अ0सं0-96/2026 धारा 109(1) भारतीय न्याय संहिता 2023 व बढ़ोत्तरी धारा 3/25 आर्म्स एक्ट में वांछित अभियुक्त सूर्य प्रकाश सिंह उर्फ चुन्नू सिंह (44 वर्ष) निवासी ग्राम सहजौर को भीखपुर रौना रोड अंडरपास के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के समय आरोपी के पास से अवैध असलहा और घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल (UP67Q7557) बरामद की गई।
28 फरवरी की रात हुई थी फायरिंग
घटना 28 फरवरी 2026 की रात की है। वादी राम प्रसाद यादव निवासी मवई कला ने थाना मुगलसराय में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनके पुत्र सोनू यादव, भांजे राकुमार यादव उर्फ गोलू समेत अन्य साथियों पर गोली चलाकर हत्या का प्रयास किया गया। सभी घायलों को गंभीर अवस्था में बीएचयू ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
तहरीर के आधार पर 1 मार्च को मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच प्रारंभ की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीमों को सक्रिय किया गया और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू हुई।
पूछताछ में सामने आया विवाद का कारण
गिरफ्तार अभियुक्त ने पूछताछ में बताया कि घटना वाली रात वह अपने ट्यूबेल से घर लौट रहा था। रास्ते में मन्नू पटेल की चाय-पान की दुकान के पास कुछ युवकों से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर मारपीट हुई, जिसके बाद वह आवेश में आ गया और ट्यूबेल पर रखे असलहे से कई राउंड फायरिंग कर दी। इसके बाद वह मौके से फरार होकर बिहार चला गया था।
पूर्व के आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। उसके आपराधिक इतिहास को देखते हुए पुलिस सतर्क थी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम
प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह, अपराध निरीक्षक चन्द्रकेश शर्मा, उपनिरीक्षक मुंशी यादव, हेड कांस्टेबल संतोष साह व कांस्टेबल मनीष कुमार यादव की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई को अंजाम दिया।




