पीटकर हुई मौके से फरार,
रिपोर्ट मनोज सिंह, मुगलसराय (चंदौली): मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के जीटी रोड स्थित काली मंदिर के सामने शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवती ने राह चलते एक यात्री को अचानक थप्पड़ जड़ दिया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और कुछ देर के लिए वहां हंगामे जैसा माहौल बन गया।
ट्रॉली बैग के टच होने पर भड़की युवती
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक यात्री ट्रॉली बैग लेकर सड़क से गुजर रहा था। इसी दौरान ट्रॉली बैग अनजाने में युवती के पैर से हल्का सा टच हो गया। इसी बात को लेकर युवती गुस्से में आ गई और उसने यात्री को थप्पड़ मारते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
पुलिस समझाती रही, नहीं मानी युवती
घटना के दौरान मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने युवती को काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं हुई और यात्री के साथ हाथापाई करती रही। कुछ देर बाद युवती यात्री को पीटने के बाद वहां से फरार हो गई।
जीटी रोड पर कुछ देर के लिए लगा लोगों का जमावड़ा
घटना के बाद जीटी रोड स्थित काली मंदिर के सामने काफी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। अचानक हुई मारपीट की घटना को देखकर राहगीर भी रुक गए, जिससे कुछ देर के लिए वहां अफरा-तफरी और हलचल का माहौल बन गया। हालांकि बाद में स्थिति सामान्य हो गई और यातायात भी सामान्य रूप से चलने लगा।
बदतमीजी का लगाया आरोप
जब पुलिस ने युवती से घटना के बारे में पूछताछ की तो उसने आरोप लगाया कि यात्री उसके साथ बदतमीजी कर रहा था। हालांकि मौके पर मौजूद कई प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यात्री की कोई गलती नहीं थी और ट्रॉली बैग का हल्का टच होने पर युवती ने बेवजह हंगामा खड़ा कर दिया।
पुलिस कर रही युवती की तलाश
घटना की जानकारी मिलने के बाद मुगलसराय कोतवाली पुलिस युवती की तलाश में जुट गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।




