पेट्रोल की किल्लत से वाहन चालकों की फजीहत, सोमवार को सप्लाई आने की उम्मीद
शहाबगंज (चंदौली)। कस्बे में रविवार को पेट्रोल की कमी से वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पेट्रोल पंपों पर ईंधन खत्म होने के कारण कई लोग सुबह से ही पेट्रोल भरवाने पहुंचे, लेकिन उन्हें मायूस होकर वापस लौटना पड़ा। अचानक बनी इस स्थिति से खासकर दोपहिया और चार पहिया वाहन चालकों को दिनभर दिक्कतें झेलनी पड़ीं।
जानकारी के मुताबिक कस्बे के प्रमुख पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल की उपलब्धता समाप्त हो जाने से लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई। जरूरी कार्य से निकलने वाले कई लोगों को वाहन खड़े कर देने पड़े, जबकि कुछ लोग आसपास के क्षेत्रों में पेट्रोल की तलाश में जाते नजर आए। स्थानीय लोगों के अनुसार अचानक पेट्रोल खत्म होने से पूरे दिन परेशानी का माहौल बना रहा।
पेट्रोल पंप कर्मियों का कहना है कि रविवार के दिन डिपो बंद रहने के कारण सप्लाई नहीं आ पाती, जिससे थोड़ी समस्या उत्पन्न हो गई। साथ ही हाल के दिनों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रही घटनाओं और युद्ध जैसी खबरों को लेकर क्षेत्र में अफवाहें भी फैल रही हैं। इन अफवाहों के चलते कुछ लोग ड्रम, गैलन और अन्य बर्तनों में पेट्रोल भरकर जमा कर रहे हैं, जिससे पंपों पर ईंधन अपेक्षा से ज्यादा तेजी से खत्म हो रहा है।
कर्मचारियों के अनुसार डिपो में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। सोमवार को सप्लाई पहुंचने के बाद स्थिति सामान्य हो जाएगी और पंपों पर फिर से पेट्रोल की उपलब्धता शुरू हो जाएगी।




