11 केंद्रों पर 14,400 अभ्यर्थी होंगे शामिल, एसपी ने ड्यूटी कर्मियों को किया ब्रीफ
चंदौली। आगामी 14 व 15 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा-2025 को सकुशल, पारदर्शी और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए चंदौली पुलिस ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। पुलिस लाइन स्थित बहुद्देश्यीय हॉल में अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनंत चंद्रशेखर और क्षेत्राधिकारी लाइन कृष्ण मुरारी शर्मा ने ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को विस्तृत ब्रीफिंग देकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में आयोजित इस ब्रीफिंग के दौरान परीक्षा की सुरक्षा, कानून व्यवस्था और अभ्यर्थियों की सुविधाओं को लेकर विशेष निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा दो दिनों तक दो पालियों में आयोजित की जाएगी और जनपद में कुल 11 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर करीब 14,400 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
ब्रीफिंग के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी ड्यूटी कर्मियों को पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और प्रमुख चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए संबंधित थाना प्रभारियों को आवागमन और पेयजल जैसी मूलभूत व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा होटल, धर्मशाला, मंदिर और पार्क जैसे सार्वजनिक स्थानों पर भी पुलिस की विशेष नजर रहेगी, ताकि बाहर से आने वाले परीक्षार्थियों को सुरक्षित वातावरण मिल सके और किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो।
परीक्षा केंद्रों पर साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि चंदौली पुलिस परीक्षा की शुचिता बनाए रखने और अभ्यर्थियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।




