21 कलशों के साथ निकली शोभायात्रा, जगह-जगह पुष्प वर्षा कर ग्रामीणों ने किया स्वागत
शहाबगंज (चंदौली)। क्षेत्र के तियरा गांव में रघुवर सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित नौ दिवसीय श्रीराम कथा का शुभारंभ शुक्रवार को भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। श्रद्धालुओं की भारी भागीदारी से निकली इस कलश यात्रा ने पूरे गांव को भक्तिमय माहौल में सराबोर कर दिया। जगह-जगह भगवान श्रीराम और बजरंगबली के जयकारों के साथ भजन-कीर्तन गूंजते रहे, जिससे वातावरण पूरी तरह धार्मिक रंग में रंगा नजर आया।

कलश यात्रा लालेश्वर शिवपुर स्थित प्राचीन शिव मंदिर से विधि-विधान के साथ प्रारंभ हुई। यात्रा में 21 कलश स्थापित किए गए, जिन्हें सिर पर धारण कर महिलाएं और श्रद्धालु गांव के विभिन्न मार्गों से होते हुए महारथपुर स्थित हनुमान मंदिर परिसर में बने कथा स्थल तक पहुंचे, जहां यात्रा का समापन हुआ। यात्रा के दौरान श्रद्धालु भक्ति गीत गाते और जयकारे लगाते हुए पूरे उत्साह के साथ आगे बढ़ते रहे।
इस अवसर पर श्री वृंदावन धाम की प्रसिद्ध कथा वक्ता रश्मी मिश्रा रथ पर सवार होकर कलश यात्रा में शामिल हुईं। उनके साथ चल रहे श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते हुए पूरे उत्साह के साथ यात्रा में शामिल रहे। महिलाओं की बड़ी भागीदारी ने कलश यात्रा को और भी भव्य बना दिया। ग्रामीणों ने कई स्थानों पर पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि नौ दिनों तक चलने वाली श्रीराम कथा के दौरान प्रतिदिन सायंकाल श्रद्धालुओं को कथा का श्रवण कराया जाएगा। कथा के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन, मर्यादा और धर्म के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा
कलश यात्रा में जय प्रकाश पांडेय, रमाशंकर पांडेय, अमितेश मिश्र, त्रिभुवन, गुप्तनाथ विश्वकर्मा, कमला साव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं और श्रद्धालु मौजूद रहे। पूरे आयोजन को लेकर गांव में उत्साह और आस्था का माहौल देखने को मिला।





