महेंद्र टेक्निकल इंटर कॉलेज में पहुंचकर व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण, दो पालियों में 5094 अभ्यर्थी हुए शामिल,
रिपोर्ट मनोज सिंह, चंदौली। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं पदोन्नति बोर्ड, लखनऊ की ओर से आयोजित उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष, नकलविहीन, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय रहा। इसी क्रम में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने शहर स्थित परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने शहर के महेंद्र टेक्निकल इंटर कॉलेज पहुंचकर परीक्षा केंद्र का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कंट्रोल रूम में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की मॉनिटरिंग व्यवस्था को देखा और वहां तैनात कर्मचारियों से जानकारी प्राप्त की। इसके बाद अधिकारियों ने परीक्षा कक्षों में पहुंचकर परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र और आधार कार्ड की जांच प्रक्रिया का भी निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं केंद्र व्यवस्थापक से परीक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और सभी अधिकारी अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराया जाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने केंद्र पर तैनात सेक्टर मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट और स्टैटिक मजिस्ट्रेट को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि परीक्षा केंद्रों पर लगातार निगरानी बनाए रखें।
जनपद में कुल 11 परीक्षा केंद्रों पर पहले दिन परीक्षा दो पालियों में सकुशल संपन्न हुई। प्रथम पाली में 3600 अभ्यर्थियों के सापेक्ष 2488 अभ्यर्थी परीक्षा में उपस्थित हुए, जबकि 1112 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। वहीं द्वितीय पाली में 3600 अभ्यर्थियों के सापेक्ष 2606 अभ्यर्थी उपस्थित हुए और 994 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
परीक्षा को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी। प्रशासन की कड़ी निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था के बीच परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुई। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आगामी पालियों में भी परीक्षा को पूरी सतर्कता और पारदर्शिता के साथ सम्पन्न कराया जाए, ताकि परीक्षा की निष्पक्षता और विश्वसनीयता बनी रहे।




