प्रशासन की मुस्तैदी में शांतिपूर्ण माहौल में पढ़ी गई अलविदा की नमाज
शहाबगंज (चंदौली)। पवित्र रमजान माह के अंतिम शुक्रवार ‘अलविदा जुमे’ की नमाज क्षेत्र में शुक्रवार को पूरी अकीदत और श्रद्धा के साथ अदा की गई। सुबह से ही मस्जिदों में नमाजियों की भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने देश में अमन-चैन, भाईचारे और खुशहाली की दुआ मांगी। नमाज को लेकर क्षेत्र की प्रमुख मस्जिदों में पहले से ही साफ-सफाई और समुचित व्यवस्थाएं कर ली गई थीं। नमाज के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। मस्जिदों के आसपास सुरक्षा के दृष्टिगत पुलिस बल की तैनाती की गई थी।

थानाध्यक्ष प्रियंका सिंह मय फोर्स के साथ लगातार क्षेत्र में भ्रमण करती रहीं और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेती रहीं। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, जिससे कहीं भी कोई समस्या उत्पन्न न हो।
अलविदा जुमे की नमाज अदा करने के लिए दूर-दराज के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर मुबारकबाद दी। प्रशासन की मुस्तैदी और लोगों के आपसी सहयोग से अलविदा जुमे की नमाज शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण वातावरण में सकुशल संपन्न हुई।



