अवैध खनन पर इलिया में शिकंजा, बिना कागजात तीन वाहन सीज
इलिया (चन्दौली) : जनपद में अवैध खनन एवं उपखनिज के अवैध परिवहन के खिलाफ प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत रविवार को खनन विभाग और इलिया पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की। सघन चेकिंग अभियान के दौरान टीम ने तीन वाहनों को पकड़कर अवैध खनन से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा दिया।
जानकारी के अनुसार संयुक्त टीम ने क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर जांच अभियान चलाते हुए संदिग्ध वाहनों को रोका और उनके दस्तावेजों की जांच की। इसी क्रम में वाहन संख्या BR24QD 1373, UP65CT 2519 व BR24GD 5712 को रोककर जांच की गई। जांच में पाया गया कि इन वाहनों द्वारा उपखनिज का परिवहन बिना वैध प्रपत्र (एमएम-11) के किया जा रहा था, जो कि नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है।
वाहन चालकों द्वारा वैध कागजात प्रस्तुत न किए जाने पर टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीनों वाहनों को कब्जे में ले लिया और संबंधित धाराओं में अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी। इस कार्रवाई के बाद अवैध खनन एवं परिवहन से जुड़े लोगों में अफरा-तफरी का माहौल देखा गया।

खनन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश उपखनिज (परिहार) नियमावली-2021 के नियम 3, 58 व 72 के उल्लंघन के तहत की गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना वैध प्रपत्र के उपखनिज का परिवहन किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अभियान रहेगा जारी
इलिया थानाध्यक्ष चंदन राय ने बताया कि अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि कानून का उल्लंघन करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बढ़ाई गई निगरानी
संयुक्त कार्रवाई के बाद क्षेत्र में निगरानी और चेकिंग अभियान को और तेज कर दिया गया है। प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष नजर रखी जा रही है, ताकि अवैध खनन गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके। प्रशासन ने लोगों से भी अपील की है कि वे इस तरह की अवैध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस या संबंधित विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके




