शहाबगंज ब्लॉक में पंचायती राज दिवस पर विकास का संकल्प, अधिकारियों ने पारदर्शिता पर दिया जोर
शहाबगंज चंदौली:
जनपद के शहाबगंज विकास खंड परिसर में 24 अप्रैल 2026 को राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ब्लॉक के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अन्य गणमान्य लोगों ने भाग लिया। इस दौरान पंचायत व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने तथा ग्रामीण विकास की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) दिनेश सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि पंचायती राज व्यवस्था भारतीय लोकतंत्र की मजबूत नींव है।

उन्होंने कहा कि गांवों के समग्र विकास के लिए पंचायतों की सक्रिय भागीदारी बेहद जरूरी है। सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचाना ही पंचायती राज का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने सभी पंचायत प्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों से अपील की कि वे पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की गति और तेज हो सके।
एडीओ पंचायत अरविंद सिंह ने कहा कि पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाना समय की मांग है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों को वित्तीय व प्रशासनिक रूप से मजबूत बनाकर ही गांवों को सशक्त किया जा सकता है।
उन्होंने यह भी कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है, ताकि आम जनता का विश्वास बना रहे। कार्यक्रम के दौरान कोऑपरेटिव सुनील राजपाल, एडीओ आईएसबी अजय सिंह, राजेश सिंह,सचिव चंद्रबली सिंह, शिवबालक यादव, राम चंद्र तिवारी,प्रेम प्रकाश आर्य, संतोष कुमार,विजय कुमार,लाल बिहारी,सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर पंचायत व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा ग्रामीण विकास को गति देने का संकल्प लिया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने पंचायती राज व्यवस्था की अहमियत को समझते हुए यह विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों से गांवों में विकास की नई इबारत लिखी जा सकती है। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।




