सीबीएसई इंटर परीक्षा में 94 प्रतिशत अंक हासिल कर विद्यालय में किया टॉप
विंध्य वैली पब्लिक स्कूल का परीक्षा परिणाम रहा शत-प्रतिशत, परिवार में खुशी का माहौल
शहाबगंज,चंदौली। शहाबगंज कस्बा निवासी सुनिल श्रीवास्तव की बेटी अर्पिता श्रीवास्तव ने सीबीएसई इंटरमीडिएट परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विंध्य वैली पब्लिक स्कूल की छात्रा अर्पिता ने 94 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। जैसे ही परीक्षा परिणाम घोषित हुआ, परिवार और शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई।
अर्पिता की इस उपलब्धि से शहाबगंज कस्बे में गर्व का माहौल है। घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। माता-पिता और परिजनों ने मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया। अर्पिता ने बताया कि उसने नियमित पढ़ाई, शिक्षकों के मार्गदर्शन और माता-पिता के सहयोग से यह सफलता प्राप्त की है। उसने कहा कि आगे चलकर वह उच्च शिक्षा प्राप्त कर अपने सपनों को साकार करना चाहती है।

विंध्य वैली पब्लिक स्कूल का इस वर्ष का सीबीएसई इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा। विद्यालय के चेयरमैन प्रो. मनोज कुमार सिंह, प्रबंधक आनंद प्रताप सिंह तथा प्रधानाचार्य अनिल कुमार पांडेय ने अर्पिता सहित सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय प्रशासन ने कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत और शिक्षकों के समर्पण का ही परिणाम है कि विद्यालय लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहा है।
अर्पिता की सफलता पर विद्यालय के शिक्षकों, रिश्तेदारों और क्षेत्र के लोगों ने प्रसन्नता जताते हुए उसे बधाई दी। लोगों ने कहा कि अर्पिता ने अपनी मेहनत और लगन से यह साबित कर दिया कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चे भी प्रतिभा के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल कर सकते हैं।इस मौके पर जितेन्द्र श्रीवास्तव,चंदन श्रीवास्तव, किशन श्रीवास्तव,रोशन,जितेश श्रीवास्तव गोलू, सहित परिवार के लोग मौजूद थे।




