21 हजार रुपये नकद, मोबाइल और आठ बाइक बरामद, कई आरोपी मौके से फरार
चकिया (चंदौली)। अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चकिया पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने ग्राम फत्तेपुर स्थित पहाड़ी के पीछे संचालित एक संगठित जुए के अड्डे पर छापेमारी कर छह लोगों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। मौके से भारी मात्रा में नकदी, ताश के पत्ते, मोबाइल फोन तथा आठ मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। वहीं पुलिस की कार्रवाई के दौरान कुछ आरोपी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश में दबिश दी जा रही है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के क्रम में 30 मई को चकिया पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि फत्तेपुर गांव की पहाड़ी के समीप कुछ लोग हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर छापेमारी की। अचानक हुई कार्रवाई से जुआरियों में भगदड़ मच गई। पुलिस ने छह आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि कुछ लोग जंगल और पहाड़ी क्षेत्र का लाभ उठाकर फरार हो गए।
गिरफ्तार आरोपियों में अमलेश कुमार, निखिल पटेल, शुभम गिरी, वकील बिन्द, रामबली तथा रमेश जायसवाल शामिल हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार मौके से जुए में इस्तेमाल किए जा रहे 52 ताश के पत्ते, छह मोबाइल फोन तथा मालफड़ और जामा तलाशी से कुल 21,070 रुपये नकद बरामद किए गए। इसके अलावा जुआ खेलने आए लोगों की आठ मोटरसाइकिलें भी जब्त कर ली गई हैं।
थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह ने बताया कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। जुआ, सट्टा, शराब तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फरार आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक अनिरुद्ध सिंह, हेड कांस्टेबल अखिलेश कुमार, कांस्टेबल अनिल कुमार सिंह सहित पुलिस टीम के अन्य जवान शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई से जुआ संचालकों और अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।




