पत्नी मायके में थी, दो मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
चकिया चंदौली। कोतवाली क्षेत्र के शिकारगंज चौकी अंतर्गत जोगिया कला गांव में शुक्रवार की रात एक युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दिए जाने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 34 वर्षीय बृजेश यादव उर्फ विजई यादव के रूप में हुई है। बताया जाता है कि बृजेश अपने कच्चे मकान के बाहर लगी मड़ई में सो रहे थे। रात के अंधेरे में अज्ञात हमलावरों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। शनिवार सुबह जब ग्रामीणों और परिजनों को घटना की जानकारी हुई तो मौके पर भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर शिकारगंज चौकी पुलिस और चकिया कोतवाली की टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
ग्रामीणों के अनुसार मृतक तीन भाइयों में मझले थे और सभी भाई अलग-अलग रहते थे। प्रारंभिक जांच में पुलिस पारिवारिक विवाद के एंगल से भी मामले की पड़ताल कर रही है। हालांकि हत्या के वास्तविक कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना से जुड़े सुराग तलाश रही है। घटना के बाद गांव में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है।
घटना के समय मृतक की पत्नी रेखा घर पर मौजूद नहीं थीं। वह लगभग एक सप्ताह पूर्व अपने मायके पुरानाडीह गई हुई थीं। पति की हत्या की सूचना मिलते ही वह बदहवास हालत में गांव पहुंचीं। पति का शव देखकर उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक अपने पीछे आठ वर्षीय पुत्र और चार वर्षीय पुत्री छोड़ गए हैं। पिता की असमय मौत से दोनों मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है। बच्चों की चीख-पुकार और परिजनों के क्रंदन से पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों के लोग भी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल इस हत्याकांड ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।




