इलाके में लगातार दूसरे दिन मंदिर में चोरी:
शहाबगंज (चंदौली)।
शहाबगंज थाना क्षेत्र के उदयपुरा गांव स्थित प्राचीन काली मंदिर से अज्ञात चोरों ने आधा दर्जन घंटा काटकर चोरी कर लिया। एक घंटा 12किलो पांच घंटा दो दो किलो के थे।लगातार दूसरे दिन मंदिर में चोरी की घटना सामने आने से ग्रामीणों में आक्रोश और चिंता का माहौल है। जानकारी के अनुसार बुधवार की सुबह गांव के कुछ युवक रोज की तरह टहलने निकले थे। इस दौरान जब वे काली मंदिर पहुंचे तो देखा कि मंदिर में लगा घंटा गायब है। इसके बाद तत्काल ग्रामीणों ने डायल 112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची और जांच पड़ताल की।

ग्रामीणों का कहना है कि मंदिर से धार्मिक आस्था से जुड़ी वस्तु की चोरी होना बेहद गंभीर मामला है। लगातार दूसरी घटना होने से लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

गौरतलब है कि एक दिन पूर्व ही इलिया थाना क्षेत्र के खरौझा स्थित शिव मंदिर से भी चोरों ने घंटा चोरी कर लिया था। अब दूसरे दिन शहाबगंज थाना क्षेत्र के उदयपुरा स्थित काली मंदिर में चोरी की घटना ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। लगातार मंदिरों को निशाना बनाए जाने से लोगों में भय और नाराजगी है।

शहाबगंज थाना प्रभारी निरीक्षक कृपेंद्र कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस जांच में जुट गई है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही चोरी की घटना का पर्दाफाश कर आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।




