10 हजार रुपये के नगद पुरस्कार से बढ़ाया हौसला,
नौबतपुर अंडरपास के पास हुई थी बड़ी कार्रवाई
चंदौली एक्सप्रेस
चन्दौली। अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई में अहम भूमिका निभाने वाली थाना सैयदराजा पुलिस और रेलवे पुलिस टीम को शुक्रवार को सम्मानित किया गया। पूर्वी डीएफसीसी, पंडित दीनदयाल नगर के मुख्य महाप्रबंधक अतुल कुमार ने थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्रा समेत संयुक्त टीम को कुल 10 हजार रुपये का नगद पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। पुलिस के अनुसार, 18 मई 2026 को उच्चाधिकारियों के निर्देशन में थाना सैयदराजा पुलिस और आरपीएफ टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की थी। टीम को सूचना मिली थी कि नौबतपुर अंडरपास के समीप रेलवे लाइन के आसपास अवैध शराब की खेप मौजूद है।
इसके बाद पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल की टीम ने DFCCIL डाउन लाइन के किलोमीटर संख्या 93/32 से 93/34 पोल के बीच अभियान चलाया। तलाशी के दौरान रेलवे लाइन के पास से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई।
कार्रवाई के दौरान ब्ल्यू लाइम देशी मसाला शराब की 28 पेटियां बरामद हुईं। प्रत्येक पेटी में 45 पैकेट के हिसाब से कुल 1,260 पैकेट मिले। प्रत्येक पैकेट में 200 एमएल शराब थी, जिसकी कुल मात्रा 252 लीटर रही। इसके अलावा किंगफिशर बीयर की 37 पेटियां बरामद हुईं। प्रत्येक पेटी में 24 केन के हिसाब से कुल 888 केन मिले। प्रत्येक केन 500 एमएल का था, जिसकी कुल मात्रा 444 लीटर थी।
इस प्रकार संयुक्त टीम ने कार्रवाई के दौरान कुल 696 लीटर अवैध शराब व बीयर बरामद की। बरामदगी के संबंध में थाना सैयदराजा में मु.अ.सं. 155/2026, धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।
पुलिस टीम की प्रभावी कार्रवाई और रेलवे क्षेत्र में अवैध शराब की खेप पकड़े जाने को लेकर मुख्य महाप्रबंधक पूर्वी डीएफसीसी पंडित दीनदयाल नगर अतुल कुमार ने शुक्रवार, 4 सितंबर 2026 को थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्रा व रेलवे पुलिस टीम को कुल 10 हजार रुपये का नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस दौरान टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी रेलवे क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए इसी तरह समन्वय के साथ कार्रवाई जारी रखने की अपेक्षा जताई गई।




