शांति, अहिंसा और मानवता के मार्ग पर चलने का आह्वान
सैदूपुर (चंदौली)। भादो पूर्णिमा के अवसर पर बुद्ध विहार महामाया सरोवर सेवा संस्थान की ओर से बुद्ध मंदिर परिसर में धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष बलवंत मौर्य ने की। मंदिर में विधिवत पूजा-पाठ के बाद भगवान बुद्ध के विचारों और संदेशों पर चर्चा की गई।
वक्ताओं ने कहा कि भगवान बुद्ध ने समाज को शांति, अहिंसा, करुणा, दया, सत्य और भाईचारे का संदेश दिया। अध्यक्ष बलवंत मौर्य ने कहा कि बुद्ध के संदेशों को केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित न रखकर दैनिक जीवन में अपनाने की जरूरत है। इस दौरान लोगों ने भेदभाव और आपसी वैमनस्य दूर करने तथा मानवता की सेवा करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में नंदलाल, लालजी, बुद्ध प्रताप, वासदेव, दूधनाथ पाल, सत्येंद्र कुमार, संदीप कुमार, संतोष कुमार, बृजेश कुमार, अजय कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।




