जान बचाकर भागा युवक, भाई ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की
शहाबगंज (चंदौली)। थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव निवासी विकास कुमार पर जानलेवा हमला किए जाने का आरोप लगाया है। उन्होंने शहाबगंज थाने में प्रार्थना पत्र देकर घटना की जांच कर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
तहरीर के अनुसार, विकास कुमार गांव के उत्तर तरफ गोविंदपुर रोड की ओर गया था। इसी दौरान अपाचे बाइक से दो लोग वहां पहुंचे। दोनों ने अपना मुंह कपड़े से बांध रखा था। आरोप है कि बाइक सवारों ने विकास को रोक लिया और उसके साथ मारपीट करने लगे। इसके बाद धारदार हथियार से उस पर हमला कर दिया।
अचानक हुए हमले से विकास घबरा गया और अपनी जान बचाने के लिए मौके से भागने लगा। हमलावरों से बचकर वह किसी तरह गांव की ओर पहुंचा। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। घायल विकास का उपचार कराया गया।
पीड़ित के भाई मुंशी राम ने तहरीर में बताया है कि हमलावरों ने मुंह बांध रखा था, जिससे उनकी पहचान नहीं हो सकी। उन्होंने पुलिस से घटना की गंभीरता से जांच कर हमलावरों की पहचान करने और उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही भविष्य में परिवार के साथ किसी अप्रिय घटना की आशंका जताते हुए सुरक्षा की गुहार लगाई है।




