दुकान पर चूड़ी खरीदने गई थी महिला, घटना के बाद थाने पहुंचकर दी तहरीर
शहाबगंज, चंदौली। शहाबगंज कस्बे में चूड़ी खरीदने पहुंची महिला के साथ छेड़छाड़ और मारपीट का मामला सामने आया है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पीड़िता ने शहाबगंज थाने पहुंचकर तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एकौना गांव निवासी पूजा देवी के अनुसार, बुधवार को वह चूड़ी खरीदने के लिए शहाबगंज कस्बा स्थित संतोष माली की दुकान पर गई थी। आरोप है कि दुकान पर मौजूद व्यक्ति ने उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। महिला ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट कर दी। घटना से मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
महिला की ओर से घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी वहां से फरार हो चुका था। पुलिस ने आसपास के लोगों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई।
इसके बाद पीड़िता ने शहाबगंज थाने पहुंचकर घटना की लिखित तहरीर दी। कार्यवाहक थानाध्यक्ष प्रभुनाथ यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश के साथ ही मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।




