दलहन-तिलहन की खेती को बढ़ावा देने के लिए कृषि विभाग ने किया वितरण
शहाबगंज (चंदौली)। विकासखंड सभागार में बुधवार को कृषि विभाग की ओर से दलहन-तिलहन की खेती को बढ़ावा देने के लिए चयनित किसानों को निःशुल्क बीज किट वितरित किए गए। मुख्य अतिथि विधायक कैलाश आचार्य ने किसानों को चना, मसूर और सरसों के बीज प्रदान किए। बीज पाकर किसानों के चेहरे खिल उठे।
विधायक ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है। किसानों को उन्नत बीज और कृषि संसाधन उपलब्ध कराने के साथ खेती को लाभकारी बनाने पर जोर दिया जा रहा है। किसान खुशहाल होंगे तो देश और प्रदेश का विकास भी मजबूत होगा। किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव सहयोग किया जाएगा।

जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार ने किसानों से मौसम के अनुकूल फसलों की समय से बुआई करने की अपील की। उन्होंने कहा कि चना, मसूर और सरसों की खेती से किसानों को अतिरिक्त आमदनी का अवसर मिल सकता है। वैज्ञानिक विधि से खेती करने और कृषि विभाग की योजनाओं का लाभ उठाने पर जोर दिया।
अधिकारियों ने किसानों को बीज के उपयोग और बुआई से संबंधित जरूरी जानकारी भी दी। इस दौरान ब्लाक प्रमुख गीता देवी, बीडीओ दिनेश कुमार सिंह, अजय प्रताप सिंह, एडीओ एजी पीयूष सिंह, दीपक पाठक समेत कृषि विभाग के कर्मचारी व किसान मौजूद रहे।




