दो लाख रुपये नकद और सोने के जेवरात ले उड़े चोर, लगातार हो रही घटनाओं से दहशत
रिपोर्ट मोहन पांडेय,
धानापुर, चंदौली। धानापुर कस्बे के मुख्य बाजार में सोमवार की रात चोरों ने एक आवासीय मकान में घुसकर लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस रात में सायरन बजाकर गश्त करती रही, वहीं चोर छत के रास्ते स्वर्गीय जितेंद्र सेठ के घर में दाखिल होकर अलमारी का ताला तोड़ने के बाद दो लाख रुपये नकद और सोने के आभूषण लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मंगलवार की सुबह होने पर परिवार में अफरा-तफरी मच गई।
परिजनों के मुताबिक, घटना के समय जितेंद्र सेठ के बेटे और बेटी घर में सो रहे थे। मंगलवार सुबह करीब सात बजे उनकी बेटी मुस्कान ने अलमारी का टूटा ताला और कमरे में बिखरा सामान देखा तो चोरी की जानकारी हुई। चोर अलमारी से दो लाख रुपये नकद, सोने के तीन लॉकेट वाला मंगलसूत्र, दो सोने की अंगूठियां और सोने के दो जोड़ी झुमके समेत अन्य कीमती सामान उठा ले गए। नकदी एलआईसी से संबंधित बताई गई है।
बताया जाता है कि कुछ महीने पहले ही जितेंद्र सेठ का निधन हुआ था। परिवार अभी इस दुख से उबरने का प्रयास कर रहा था कि चोरी की घटना ने उसकी परेशानियां बढ़ा दीं। सूचना मिलने पर धानापुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
लगातार चोरी की घटनाओं से व्यापारियों और ग्रामीणों में रोष
स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में पिछले एक माह से चोरी की घटनाएं लगातार हो रही हैं। कई घरों को निशाना बनाए जाने के बावजूद वारदातों पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। इससे लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल है। पीड़ित के बेटे आशुतोष उर्फ कान्हा ने पुलिस से चोरों की शीघ्र गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।




