राष्ट्रीय आविष्कार अभियान में द्वितीय स्थान पाने पर मेडल व प्रमाणपत्र से सम्मानित

शहाबगंज। विकास खण्ड के सुदूर वनांचल क्षेत्र स्थित कम्पोजिट विद्यालय बनभीषमपुर के कक्षा आठ के छात्र कृष्णा यादव ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए जनपद मुख्यालय चंदौली में 12 फरवरी को आयोजित राष्ट्रीय आविष्कार अभियान की जिला स्तरीय प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया।
इस उपलब्धि के लिए उन्हें जिला स्तर पर प्रमाण पत्र प्रदान किया गया था। शुक्रवार को विद्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में नायब तहसीलदार मु. आरिफ अंसारी ने छात्र कृष्णा यादव को मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।

सम्मान समारोह में नायब तहसीलदार ने छात्र की सराहना करते हुए कहा कि “जब सुदूर जंगल और ग्रामीण परिवेश से निकलकर कोई बच्चा जिला स्तर पर अपनी पहचान बनाता है, तो यह उसके माता-पिता और विद्यालय के शिक्षकों की कड़ी मेहनत और समर्पण का परिणाम होता है। मेरी शुभकामनाएं हैं कि बच्चा आगे बढ़े और अपने विद्यालय व क्षेत्र का नाम और ऊँचा करे।”
शिक्षा मित्र संघ के मंडल अध्यक्ष एवं अध्यापक भूपेंद्र कुमार सिंह ने कहा, “कृष्णा यादव ने यह सिद्ध कर दिया है कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती। सुदूर वनांचल से निकलकर जिला स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त करना पूरे शहाबगंज क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। हमें विश्वास है कि कृष्णा आगे चलकर प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बनाएगा। विद्यालय परिवार उसकी हर संभव सहायता के लिए सदैव तत्पर रहेगा।”
इस अवसर पर विज्ञान शिक्षक ओपी चौहान, अंजनी कुमार, श्रवण कुमार, जनार्दन प्रसाद शिक्षा मित्र/बीएलओ, चंद्रशेखर सिंह, लेखपाल अखिलेश कुमार सहित शिक्षक, अभिभावक व अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

