शहाबगंज (चंदौली)। थाना क्षेत्र के टिर्रों गांव में मंगलवार की देर शाम दर्दनाक सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने डंफर गाड़ी पर ईंट-पत्थर चलाकर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
भारतमाला परियोजना के डंफर से हुई टक्कर

जानकारी के अनुसार टिर्रों निवासी अजय सिंह उर्फ ट्वेंटी सिंह (22) मंगलवार शाम मोटरसाइकिल से जा रहे थे। गांव के मोड़ के पास भारतमाला परियोजना के तहत चल रहे कार्य में लगे एक डंफर ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अजय गंभीर रूप से घायल हो गए।
ट्रामा सेंटर में तोड़ा दम
हादसे के बाद मौके पर जुटे ग्रामीणों ने आनन-फानन में घायल अजय को जिला अस्पताल चंदौली पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत नाजुक देखते हुए ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
चालक फरार, मुकदमा दर्ज

घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने डंफर पर ईंट-पत्थर चलाकर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए वाहन को कब्जे में ले लिया, जबकि चालक फरार हो गया।
उपनिरीक्षक प्रभुनाथ यादव ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है।
हादसे के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

