लंबे समय से जमीन विवाद से परेशान था युवक, अंततः कर ली जीवनलीला समाप्त
शहाबगंज (चंदौली)। स्थानीय कस्बा क्षेत्र में मंगलवार को एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस व फारेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मिली जानकारी के अनुसार अतायस्तगंज निवासी शुभम मोदनवाल (25) विकास खंड मुख्यालय के समीप अपने परिवार के साथ रहता था। वह पांच भाइयों में तीसरे नंबर पर था। परिजनों के अनुसार परिवार में जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान रहता था।

बताया जा रहा है कि मंगलवार को सुबह करीब 11 बजे शुभम ब्लॉक मुख्यालय से कस्बा स्थित अपने पुराने घर गया। काफी देर तक उसके वापस न लौटने पर परिजन चिंतित हुए। मृतक का भाई योगेश जब घर पहुंचा तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। आवाज देने पर कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर वह बगल के मकान के रास्ते अंदर गया। कमरे में साड़ी के फंदे से शुभम को लटका देख उसके होश उड़ गए।

सूचना मिलते ही अन्य परिजन मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में उसे एक निजी चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही थाना शहाबगंज की प्रभारी निरीक्षक प्रियंका सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। साथ ही फारेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए।
मृतक के भाई ने स्थानीय थाने में अपनी बुआ के विरुद्ध लिखित तहरीर दी है। तहरीर में जमीन विवाद को आत्महत्या का कारण बताया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
युवक की असमय मौत से क्षेत्र में शोक की लहर है।मृतक के माता माया देवी व परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।




