कंदवा में सरेआम फायरिंग से सनसनी, युवक की मौत से मचा कोहराम
चंदौली। जनपद के कंदवा थाना क्षेत्र के परसडीहा जमालपुर गांव में गुरुवार की शाम सरेआम फायरिंग की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। अज्ञात नकाबपोश हमलावरों ने गांव के युवक विशाल सिंह को निशाना बनाते हुए पीछे से गोली मार दी और वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। अचानक हुई इस घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।

बताया जा रहा है कि गुरुवार शाम विशाल सिंह गांव में ही मौजूद थे। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने पीछे से उन पर गोली चला दी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। जिससे उनकी मौत हो गई।वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल युवक को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले गए।
अस्पताल में चिकित्सकों ने किया मौत की पुष्टि
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने घायल विशाल सिंह को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार गोली लगने से काफी खून बह गया है, जिससे उसकी मौत हो गई है। इस घटना के बाद परिजनों मे कोहराम मच गया।
गांव में दहशत, पुलिस की बढ़ी सतर्कता
सरेआम फायरिंग की इस घटना से पूरे गांव में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही कंदवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाने में लग गई। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और घटनास्थल का निरीक्षण किया। साथ ही इलाके में पुलिस गश्त भी बढ़ा दी गई है, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
दो पुत्रों में छोटा पुत्र था विशाल
अजीत सिंह के दो पुत्रों में विवेक व विशाल दो पुत्र थे अजीत सिंह की मौत 2 वर्ष पूर्व हो चुकी थी छोटा पुत्र विशाल था जिसकी आज हत्या हो गई

कई पहलुओं पर जांच में जुटीं पुलिस
पुलिस अधिकारियों के अनुसार घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुरानी रंजिश, आपसी विवाद समेत हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस वारदात में शामिल हमलावरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में इस तरह की घटना से लोग काफी भयभीत हैं। उन्होंने प्रशासन से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों।




