साइकिल सवार बहनों पर टूटा बाइक का कहर, पुलिस ने वाहन कब्जे में लिया
शहाबगंज (चंदौली)। थाना क्षेत्र के कनेरा पुल के पास सोमवार की शाम तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से साइकिल सवार दो युवतियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को 108 एम्बुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद एक युवती को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार कनेरा गांव निवासी अंजली (18) व पूनम (17) बड़ौरा बाजार से खरीदारी कर साइकिल से अपने घर लौट रही थीं। जैसे ही वे कनेरा पुल के समीप पहुंचीं, सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवतियां सड़क पर गिरकर घायल हो गईं।

हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए एम्बुलेंस को सूचना दी और दोनों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शहाबगंज पहुंचाया। वहां चिकित्सक डॉ. चंद्रगुप्त ने घायलों का इलाज किया। जांच के दौरान पूनम के सिर में गंभीर चोट पाई गई, जिस पर चिकित्सक ने उसकी हालत को देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
इस संबंध में उपनिरीक्षक शिवानंद सिंह ने बताया कि दुर्घटना में शामिल बाइक को कब्जे में ले लिया गया है। आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

