सघन चेकिंग से मचा हड़कंप, कागजात न मिलने पर डंपर सीज
शहाबगंज (चंदौली)। क्षेत्र में अवैध परिवहन के खिलाफ वन विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। राजपथ रेंज के क्षेत्रीय वन अधिकारी की सूचना पर शहाबगंज थाना क्षेत्र के चकिया–चंदौली मार्ग पर तियरा गांव के समीप वन विभाग की टीम ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध डंपर वाहन को पकड़कर सीज कर दिया गया, जबकि चालक और खलासी वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए।
वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, अभियान के तहत वन दरोगा सुरेंद्र कुमार राव के नेतृत्व में वनरक्षक राधे कृष्णा मिश्रा, मोहम्मद सौदागर, बबलू और यशवंत सिंह की टीम तियरा गांव के पास वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान चकिया–चंदौली मार्ग से गुजर रहे एक डंपर वाहन पर टीम को संदेह हुआ।
टीम ने वाहन को रोककर जांच करने का प्रयास किया, लेकिन चालक और खलासी डंपर को सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए। इसके बाद वन विभाग की टीम ने वाहन की तलाशी ली, जिसमें डंपर में डस्ट स्टोन लदा हुआ पाया गया। वाहन का नंबर यूपी 64 टी 5769 बताया जा रहा है। जांच के दौरान वाहन से संबंधित आवश्यक कागजात और परिवहन से जुड़े दस्तावेज मौके पर उपलब्ध नहीं मिले। इस पर वन विभाग की टीम ने डंपर को अपने कब्जे में लेकर सीज कर दिया।
वन दरोगा सुरेन्द्र कुमार राव ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला अवैध रूप से वन उपज के परिवहन से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। इस संबंध में भारतीय वन अधिनियम और वन उपज अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। वाहन को जब्त कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
अधिकारियों के अनुसार क्षेत्र में अवैध खनन और वन उपज के अवैध परिवहन की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। इसी को ध्यान में रखते हुए विभाग की ओर से विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। वन विभाग का कहना है कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही फरार चालक और खलासी की तलाश की जा रही है। विभाग की इस कार्रवाई से अवैध परिवहन करने वालों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि अवैध खनन और वन उपज के अवैध परिवहन पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।




