सैदूपुर बाजार में पीडब्ल्यूडी ने किया चिन्हांकन
दो दिन में अतिक्रमण हटाने का निर्देश, नहीं माने तो होगी कार्रवाई

चंदौली एक्सप्रेस चकिया जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित सड़क सुरक्षा की मासिक बैठक में सड़क अतिक्रमण की समस्या को गंभीरता से उठाए जाने के बाद प्रशासन एक्शन मोड में आ गया है। बैठक में मिले निर्देशों के क्रम में गुरुवार को सैदूपुर बाजार में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की।
पीडब्ल्यूडी ने किया स्पष्ट चिन्हांकन
अधिशासी अभियंता कृष्ण कुमार के आदेश पर पीडब्ल्यूडी के अवर अभियंता पंकज कुमार के नेतृत्व में सड़क की पटरी से दोनों ओर दो-दो मीटर की नाप लेकर स्पष्ट रूप से चिन्हांकन किया गया। चिन्हांकन के दौरान सड़क की वास्तविक सीमा को चिह्नित किया गया, ताकि अतिक्रमण की स्थिति पूरी तरह साफ हो सके।
अतिक्रमणकारियों को दो दिन का अल्टीमेटम
कार्रवाई के दौरान सड़क पटरी पर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों व अन्य लोगों को दो दिन के भीतर स्वयं अतिक्रमण हटाने का सख्त निर्देश दिया गया। अधिकारियों ने साफ कहा कि समय सीमा के भीतर अतिक्रमण नहीं हटाने पर विभागीय स्तर पर कार्रवाई की जाएगी।

नहीं हटाया अतिक्रमण तो होगी सख्त कार्रवाई
पीडब्ल्यूडी अधिकारियों ने चेतावनी दी कि तय अवधि के बाद बलपूर्वक अतिक्रमण हटाया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित अतिक्रमणकारियों की होगी। चिन्हांकन के समय सुरक्षा कर्मी व विभागीय कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे।
सड़क सुरक्षा मजबूत होने की उम्मीद
इस कार्रवाई से सैदूपुर बाजार में यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा के मजबूत होने की उम्मीद जताई जा रही है। वहीं प्रशासन की सख्ती से बाजार क्षेत्र में अतिक्रमणकारियों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।

