संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण, अफवाह फैलाने वालों को चेतावनी
इलिया (चंदौली) आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। उपजिलाधिकारी विनय कुमार मिश्रा एवं क्षेत्राधिकारी रघुराज के नेतृत्व में कस्बा क्षेत्र के मुख्य बाजार, चौराहों तथा संवेदनशील स्थलों पर पुलिस बल के साथ पैदल फ्लैग मार्च किया गया।
फ्लैग मार्च के दौरान अधिकारियों ने व्यापारियों, आम नागरिकों एवं युवाओं से सीधे संवाद स्थापित कर पर्व को आपसी भाईचारे एवं सद्भाव के साथ मनाने की अपील की। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि त्योहार की आड़ में हुड़दंग, अवैध डीजे संचालन, जबरन रंग डालने या कानून व्यवस्था भंग करने की किसी को भी अनुमति नहीं दी जाएगी।
संवेदनशील बिंदुओं पर विशेष नजर

प्रशासनिक टीम ने कस्बे के भीड़भाड़ वाले स्थानों, प्रमुख चौराहों तथा मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों का निरीक्षण किया। सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह व सैदूपुर चौकी प्रभारी अनिल कुमार पांडेय को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट या अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए साइबर टीम को भी सक्रिय किया गया है।
शांति व्यवस्था भंग करने वालों पर कड़ी कार्रवाई
एसडीएम विनय कुमार मिश्रा ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या विवाद की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचित करें। सीओ रघुराज ने चेतावनी दी कि शांति व्यवस्था भंग करने, अवैध शराब बिक्री या असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पैदल मार्च के दौरान पुलिस बल की मौजूदगी से बाजार में सुरक्षा का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की पहल की सराहना की और विश्वास जताया कि होली का पर्व शांति एवं सौहार्द के साथ संपन्न होगा।




