शिक्षा मंदिर फिर निशाने पर: खरौझा विद्यालय में जमकर तोड़फोड़, सुरक्षा पर सवाल
इलिया। गांधीनगर प्राथमिक विद्यालय में चोरी की घटना के एक सप्ताह भी नही हुए थे कि अब क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय खरौझा को अराजक तत्वों ने निशाना बनाया है। मंगलवार की रात विद्यालय परिसर में घुसकर शरारती तत्वों ने बिजली की वायरिंग, पानी की टंकी की पाइप लाइन, टाइल्स तथा शौचालय को क्षतिग्रस्त कर दिया। कई कमरों के ताले तोड़े गए,
हालांकि कुछ कमरों के दरवाजे और कुंडी मजबूत होने के कारण वे अंदर प्रवेश नहीं कर सके।

पानी टंकी से शौचालय तक तोड़फोड़
इंचार्ज प्रधानाध्यापक हौसला पांडेय ने बताया कि अराजक तत्वों ने विद्यालय की संपत्ति को गंभीर नुकसान पहुंचाया है। पानी की टंकी से लेकर बिजली की वायरिंग तक उखाड़ दी गई है, जिससे विद्यालय की व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है। शौचालय की टाइल्स और फिटिंग भी तोड़ दी गई हैं।

पहले भी हो चुकी है तोड़फोड़, कार्रवाई नहीं
प्रधानाध्यापक ने बताया कि इससे पूर्व भी विद्यालय को कई बार नुकसान पहुंचाया जा चुका है। इसकी शिकायत इलिया थाने में की गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लगातार हो रही घटनाओं से शिक्षकों और अभिभावकों में आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने प्रशासन से विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

दी गई लिखित तहरीर
अज्ञात अराजक तत्वों के खिलाफ इंचार्ज प्रधानाध्यापक हौशिला पाण्डेय ने इलिया थाने में लिखित तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने के साथ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

