बैंक में अचानक पहुंची पुलिस टीम, सुरक्षा व्यवस्था की हुई सख्त जांच
चकिया, चंदौली। जनपद के सैदूपुर स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा में सोमवार को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आया। चौकी इंचार्ज अनिल कुमार पांडेय के नेतृत्व में बैंक परिसर का औचक निरीक्षण किया गया, जिससे क्षेत्र में हड़कंप का माहौल बन गया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस टीम ने बैंक के सायरन सिस्टम की गहन जांच की और यह सुनिश्चित किया कि किसी भी आपात स्थिति में सुरक्षा अलार्म सही ढंग से कार्य कर सके। इसके साथ ही बैंक के अंदर मौजूद खाताधारकों और ग्राहकों से पूछताछ कर उनकी सुरक्षा से जुड़े पहलुओं की जानकारी ली गई।

चौकी इंचार्ज अनिल कुमार पांडेय ने मौके पर मौजूद बैंक ग्राहकों को सतर्क करते हुए कहा कि बैंकिंग लेन-देन के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही भारी पड़ सकती है। उन्होंने ग्राहकों को सलाह दी कि वे अपने एटीएम पिन, ओटीपी और अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
उन्होंने बैंक कर्मियों को भी कड़े निर्देश देते हुए कहा कि सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन किया जाए और बैंक परिसर में आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति पर नजर रखी जाए। सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता, अलार्म सिस्टम और गार्ड की तैनाती को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया।
इस दौरान बैंक परिसर में मौजूद लोगों में हलचल देखने को मिली, वहीं पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विश्वास भी बढ़ा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह के औचक निरीक्षण से अपराध पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी और लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जिले में बैंक और सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर लगातार अभियान चलाया जा रहा है और आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।



