
इलिया (चंदौली)
भुड़कुड़ा गांव में मनरेगा जॉब कार्ड न बनाए जाने से नाराज दर्जनों लाभार्थियों ने शनिवार को गांव में ही जमकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने ब्लॉक विकास अधिकारी (बीडीओ) के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि करीब 15 दिन पूर्व पूरी प्रक्रिया पूरी कर आवेदन ब्लॉक कार्यालय में जमा कराया गया था, लेकिन अब तक किसी भी लाभार्थी का जॉब कार्ड नहीं बनाया गया।
लाभार्थियों का कहना है कि जॉब कार्ड न बनने के कारण वे मनरेगा के तहत रोजगार पाने से वंचित हैं, जिससे उनके परिवारों की आजीविका प्रभावित हो रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर सभी पात्र लाभार्थियों के जॉब कार्ड नहीं बनाए गए तो वे ब्लॉक मुख्यालय पर बड़ा आंदोलन करेंगे।
खंड विकास अधिकारी दिनेश सिंह ने बताया कि जितने आवेदन प्राप्त हुए हैं, इसकी जांच कराई जा रही है। सभी आवेदनों की सत्यापन प्रक्रिया पूरी होते ही शीघ्र जॉब कार्ड जारी कर दिए जाएंगे। इस दौरान कुलदीप, अनीता, रोशन, शकील, तमीम, इमरान, विकास, चंद्रकला, पूनम, सहित दर्जनों लोग उपस्थित थे।

