16 थानों में से 12 थानो को मिला 100 में 100 अंक
चन्दौली। प्रदेश सरकार की शून्य सहनशीलता की नीति के तहत अपराध नियंत्रण के साथ-साथ शिकायतों के त्वरित निस्तारण में भी चन्दौली पुलिस ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। आईजीआरएस (समन्वित शिकायत निवारण प्रणाली) से प्राप्त शिकायतों के शत-प्रतिशत निस्तारण पर चन्दौली पुलिस को प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है।
माह फरवरी 2026 की जारी रैंकिंग में जनपद चन्दौली ने 135 में से 135 अंक हासिल कर पूरे प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं जनपद के 16 में से 12 थानों ने भी ऑनलाइन प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में 100 में से 100 अंक प्राप्त कर प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान हासिल किया है। यह उपलब्धि जनपद पुलिस की सक्रियता और जवाबदेही को दर्शाती है।
गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण पर विशेष जोर
पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे द्वारा जनसुनवाई पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण, त्वरित और समयबद्ध निस्तारण के लिए जनपद के सभी अधिकारियों और थाना प्रभारियों को लगातार निर्देशित किया जाता है। पुलिस कार्यालय में गठित आईजीआरएस सेल के माध्यम से प्राप्त शिकायतों को संबंधित थानों को ऑनलाइन प्रेषित किया जाता है।
इसके बाद संबंधित अधिकारी और थाना प्रभारी निर्धारित समय सीमा के भीतर शिकायतों की जांच कर ऑनलाइन आख्या प्रस्तुत करते हैं। साथ ही आवेदक से यह भी फीडबैक लिया जाता है कि वह पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट है या नहीं। इससे शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित होती है।
सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय से होता है मूल्यांकन
आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के निस्तारण का मूल्यांकन सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा किया जाता है। इसी मूल्यांकन में फरवरी 2026 के दौरान चन्दौली पुलिस ने सभी शिकायतों का शत-प्रतिशत निस्तारण करते हुए प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
जनपद पुलिस की इस उपलब्धि को प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने कहा कि आगे भी इसी प्रकार जनसुनवाई और शिकायत निस्तारण को प्राथमिकता देते हुए आम जनता को बेहतर पुलिस सेवा उपलब्ध कराई जाएगी।




